पटना: बिहार सरकार ने बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) के अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी शोभा ओहटकर को आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। वह पदभार संभालने की तारीख से अगले आदेश तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगी। अपने कड़े स्वभाव के कारण वह ‘हंटर वाली’ के रूप में लंबे समय तक चर्चित रहीं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नेतृत्व वाली सरकार ने यह नियुक्ति बिहार कर्मचारी चयन आयोग अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के तहत की है।
लंबे प्रशासनिक अनुभव वाली शोभा ओहटकर अब राज्य में कर्मचारी चयन से जुड़ी अहम प्रक्रियाओं की कमान संभालेंगी। इसके साथ ही सरकार ने आयोग के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। वह अब केवल अपने मूल विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। 30 जून 2026 को गृह रक्षा वाहिनी एवं फायर सर्विस की महानिदेशक पद से सेवानिवृत्त हुईं शोभा ओहटकर केंद्रीय चयन पर्षद की अध्यक्ष की कमान संभाल चुकी हैं। इसके अलावा भी वह लंबे समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार का फोकस अगले पांच साल में एक करोड़ नौकरी और रोजगार पर है। इसी कारण शोभा ओहटकर को बीएसएससी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कहा जा रहा है कि सीएम सम्राट चौधरी की ‘नौकरियां ही नौकरियां’ योजना के लिए शोभा ओहटकर सही होंगी। बता दें कि इसी साल छह जनवरी को पूर्व आईपीएस अधिकारी आलोक राज ने बिहार एसएससी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। चौंकानें वाली बात यह थी कि अध्यक्ष की कुर्सी पद बैठने के तीन दिनों के अंदर उन्होंने इस्तीफ दे दिया था। पूर्व डीजीपी ‘आलोक राज’ ने अमर उजाला से बातचीत में कहा था कि कुछ परिस्थितियों ऐसी थी कि मैंने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद से यह पद खाली था।







