बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की शाहपुर पुलिस ने लगभग पांच लाख रुपये की चोरी के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य के चोरी के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी का माल अपने पास छिपाकर रखा हुआ था। पुलिस ने बताया कि शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सालीमेट में 18 फरवरी 2026 को रश्मि धुर्वे के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में शाहपुर थाने में अपराध क्रमांक 82/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने पहले आरोपी जितेन्द्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा, निवासी नरसिंहपुर को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर 10 हजार रुपये के इनामी और फरार आरोपी कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू, निवासी ग्राम नीलकंठी, जिला छिंदवाड़ा को 29 जुलाई को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में कृष्ण कुमार चौरे ने बताया कि चोरी के जेवर उसने अपने पिता नोखेलाल उर्फ जबर सिंह चौरे (61) के पास सुरक्षित रखने के लिए दिए थे। इस सूचना पर शाहपुर पुलिस की टीम छिंदवाड़ा जिले के ग्राम नीलकंठी पहुंची और 30 जुलाई को जबर सिंह चौरे के कब्जे से लगभग एक लाख रुपये मूल्य के चोरी के सोने-चांदी के जेवर बरामद कर जब्त कर लिए।
पुलिस के अनुसार चोरी का माल अपने कब्जे में रखने और उसे छिपाने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर जबर सिंह चौरे को भी प्रकरण में आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया। उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में पहले भी आरोपियों के कब्जे से चोरी का कुछ माल बरामद किया जा चुका है और विवेचना जारी है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमरे, निरीक्षक आबिद अंसारी, चौकी प्रभारी नीरज खरे तथा शाहपुर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को देने की अपील की है।







