Home राष्ट्रीय सहायक अध्यापक मुख्य परीक्षा-2026 की तारीखें घोषित, यूपीपीएससी ने जारी किया शेड्यूल

सहायक अध्यापक मुख्य परीक्षा-2026 की तारीखें घोषित, यूपीपीएससी ने जारी किया शेड्यूल

10
0
Assistant Teacher Main Exam-2026 dates announced, UPPSC releases schedule

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) मुख्य परीक्षा-2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। हिंदी, शारीरिक शिक्षा और सामाजिक विज्ञान विषयों की परीक्षा 11 जुलाई को प्रयागराज और लखनऊ के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। आयोग के अनुसार परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। हिंदी और शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा लखनऊ में, जबकि सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा प्रयागराज में आयोजित की जाएगी।


आयोग के अनुसचिव शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) नंबर के माध्यम से प्रवेश पत्र तथा परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने परीक्षा के लिए विस्तृत निर्देश भी जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो, मूल पहचान पत्र तथा उसकी एक फोटोकॉपी साथ लानी होगी। परीक्षा कक्ष में प्रवेश के बाद पहचान पत्र की फोटोकॉपी कक्ष निरीक्षक को जमा करनी होगी।

GNSU Admission Open 2026


निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 45 मिनट पहले केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।


आयोग ने अभ्यर्थियों को ‘उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024’ का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी है। आयोग ने कहा है कि परीक्षा में नकल, प्रश्नपत्र लीक करने अथवा अन्य अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अधिनियम के तहत एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने और आजीवन कारावास तक का प्रावधान है।