Home राष्ट्रीय ‘दीदी के गोठ’ का प्रथम वार्षिकोत्सव 9 जुलाई को, भव्य आयोजन की...

‘दीदी के गोठ’ का प्रथम वार्षिकोत्सव 9 जुलाई को, भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी

14
0
First anniversary of 'Didi Ke Goth' on 9th July, preparations complete for the grand event

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत संचालित ‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम के एक वर्ष पूर्ण होने पर नौ जुलाई को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव-2026’ एवं संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।


विभाग के अनुसार ‘दीदी के गोठ’ ने बीते एक वर्ष में महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने, वित्तीय साक्षरता बढ़ाने तथा सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वार्षिकोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की प्रेरक कहानियों, उनके संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और आजीविका के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों को मंच प्रदान करना तथा उन्हें सम्मानित करना है।

GNSU Admission Open 2026


जानकारी के अनुसार ‘दीदी के गोठ’ का पहला भाग अगस्त 2025 में ‘लखपति दीदी’ विषय पर प्रसारित हुआ था। इसके बाद प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को ड्रोन दीदी, एफपीसी, जेंडर, सरस मेला, वित्तीय जागरूकता, साइबर सुरक्षा और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड जैसे विषयों पर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की सफलता की कहानियां साझा की जाती रहीं। कार्यक्रम की एक वर्ष की यात्रा पर आधारित विशेष भाग का प्रसारण भी नौ जुलाई को किया जाएगा।


वार्षिकोत्सव के दौरान वर्षभर की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण, ‘दीदी के गोठ’ से जुड़ी महिलाओं का सम्मान तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। विभाग ने स्व-सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों, हितधारकों तथा मीडिया से कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया है।