रायपुर: छत्तीसगढ़ में रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने अपनी आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब इच्छुक नागरिक घर बैठे ही प्राधिकरण की वेबसाइट के माध्यम से संपत्तियों की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन, बुकिंग और रखरखाव शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।
प्राधिकरण द्वारा प्रथम चरण में कमल विहार और रावभाटा सहित विभिन्न योजनाओं की लगभग 121 आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों को ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया गया है। इनमें कमल विहार के आवासीय फ्लैट, आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंड तथा रावभाटा की व्यावसायिक संपत्तियां शामिल हैं।
आरडीए के अनुसार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के हितग्राहियों के लिए भी आवासीय संपत्तियां उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि विभिन्न आय वर्ग के लोगों को उनकी आवश्यकता और क्षमता के अनुरूप आवास मिल सके।
नई व्यवस्था के तहत हितग्राही ऑनलाइन रखरखाव शुल्क का भुगतान भी कर सकेंगे। इससे कार्यालय आने की आवश्यकता समाप्त होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक, समयबद्ध एवं पारदर्शी बनेगी।
आरडीए के अध्यक्ष नंदे साहू ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से नागरिकों का समय बचेगा, प्रक्रिया सरल होगी तथा संपत्तियों के आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने नागरिकों से इस डिजिटल सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश कुमार शरण ने बताया कि लंबे समय से बंद संपत्ति बुकिंग प्रक्रिया को पुनः शुरू करते हुए उपलब्ध सभी संपत्तियों को एक साथ ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है। इससे नागरिकों को पारदर्शी, त्वरित और सुविधाजनक तरीके से बुकिंग की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य अधिकाधिक सेवाओं का डिजिटलीकरण कर नागरिकों को सरल एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन, बुकिंग और डिजिटल भुगतान की सुविधा से संपत्तियों के आवेदन, भुगतान और आवंटन की पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और पारदर्शी होगी।







