Home बिहार बिहार में शादी से पहले मातम: बेटी की डोली उठने से पहले...

बिहार में शादी से पहले मातम: बेटी की डोली उठने से पहले मां की मौत

350
0
Mourning before marriage in Bihar: Mother dies before daughter's wedding procession leaves

सारण: सारण जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत गौसपुर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की 58 वर्षीय रसोईया राजमुनी देवी का शनिवार को उनके देकुली गांव स्थित आवास पर अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि राजमुनी देवी की पुत्री की शादी तय थी और शनिवार को ही सिवान जिले के एक गांव में तिलक समारोह के लिए परिजनों को जाना था। घर में बेटी के तिलक की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं।

परिवार के लोग खुशियों के माहौल में व्यस्त थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। तिलक के लिए घर से निकलने की तैयारी के बीच अचानक राजमुनी देवी की तबीयत बिगड़ी और हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। खुशियों से गूंज रहा घर अचानक चीख-पुकार से भर उठा। बेटी के तिलक और डोली उठने से पहले ही मां की अर्थी उठने की खबर से हर किसी की आंखें नम हो गईं। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। गांव में इस घटना के बाद मातमी सन्नाटा पसर गया।

GNSU Admission Open 2026

इसी गांव के दूसरे टोले में ब्याही उनकी बड़ी बहन भी छोटी बहन के निधन की खबर सुनकर बदहवास हालत में मौके पर पहुंचीं। परिवार के सदस्यों के साथ-साथ गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आए। हर कोई इस असमय हुई मौत को लेकर गहरे दुख में डूबा दिखा। घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक नेता मंजीत कुमार तिवारी समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी और मुखिया पति भरत सिंह ने पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।