Home बिहार बिहार में दर्दनाक हादसा: पानी भरे गड्ढे में डूबकर दो चचेरी बहनों...

बिहार में दर्दनाक हादसा: पानी भरे गड्ढे में डूबकर दो चचेरी बहनों की मौत

145
0
Tragic accident in Bihar: Two cousin sisters drowned in a water-filled pit.

छपरा: सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र के जितवारपुर गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम चचेरी बहनों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्चियों की पहचान जितवारपुर गांव निवासी संजय शर्मा की छह वर्षीय बेटी नेहा कुमारी और दिनेश शर्मा की पांच वर्षीय बेटी जूही कुमारी के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां चचेरी बहन थीं और हमेशा साथ-साथ खेला करती थीं।

परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर दोनों बच्चियां घर के बाहर खेल रही थीं। खेलते-खेलते वे घर के सामने लगे लीची के पेड़ के पास पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि पेड़ के पास घर निर्माण के लिए पहले से एक गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश और आसपास का पानी भरा हुआ था। खेल के दौरान दोनों बच्चियों का पैर फिसल गया और वे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरीं। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। जब काफी देर तक दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के दौरान दोनों बच्चियां गड्ढे में डूबी हुई मिलीं।

GNSU Admission Open 2026

इसके बाद परिवार के लोग आनन-फानन में दोनों को बाहर निकालकर इलाज के लिए परसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना देने में जुटे रहे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों बच्चियों के शव परिजन अपने साथ घर वापस ले गए। बताया गया है कि नेहा गांव के स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा थी, जबकि जूही दूसरी कक्षा में पढ़ती थी। दोनों की असमय मौत से पूरे गांव में गहरा दुख और शोक का माहौल है।