Home झारखण्ड पलामू में जमीन माफियाओं पर शिकंजा, डीआईजी ने मांगी हफ्तेभर में रिपोर्ट

पलामू में जमीन माफियाओं पर शिकंजा, डीआईजी ने मांगी हफ्तेभर में रिपोर्ट

175
0
पलामू में जमीन माफियाओं पर शिकंजा, डीआईजी ने मांगी हफ्तेभर में रिपोर्ट

पलामू प्रमंडल में जमीन के अवैध कारोबार और उससे जुड़ी बढ़ती हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। गढ़वा समेत पूरे प्रमंडल में सक्रिय भू-माफियाओं और उनके नेटवर्क पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है। पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी किशोर कौशल ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गढ़वा, पलामू और लातेहार जिलों के पुलिस अधीक्षकों को एक सप्ताह के भीतर सक्रिय भू-माफियाओं की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस बार केवल छोटे स्तर के दलालों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे सिंडिकेट को संचालित करने वाले मास्टरमाइंड को निशाने पर लिया जाएगा। हाल के दिनों में गढ़वा जिले में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग और हत्या जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। जांच में यह भी सामने आया है कि कई प्रभावशाली लोग पर्दे के पीछे से अपराधियों को आर्थिक सहयोग दे रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस कॉल डिटेल और डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस द्वारा तैयार की जा रही सूची में माफियाओं को तीन श्रेणियों—ए, बी और सी—में बांटा जाएगा। श्रेणी-ए में संगठित आपराधिक गिरोहों से जुड़े बड़े माफिया, श्रेणी-बी में दस्तावेजों में हेराफेरी करने वाले बिचौलिये, जबकि श्रेणी-सी में जमीन की पहचान कराने वाले एजेंट शामिल होंगे। डीआईजी किशोर कौशल ने स्पष्ट कहा है कि रिपोर्ट मिलते ही चिन्हित आरोपियों के खिलाफ सीसीए और गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जमीन विवाद के नाम पर रंगदारी और हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

GNSU Admission Open 2026