मुजफ्फरपुर। जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में रजिस्ट्री कार्यालय के सेवानिवृत्त पेशकार सुधीर कुमार वर्मा की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार, सुधीर कुमार वर्मा अपने पैतृक घर सीतामढ़ी जिले के बेलसंड से बाइक से मुजफ्फरपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बैरिया बस स्टैंड से आगे लीलावती अस्पताल के सामने एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई व पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश की, वहीं बस चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है। इधर, हादसे की जानकारी मिलते ही मुजफ्फरपुर रजिस्ट्री कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अपने साथी की अचानक हुई मौत से विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। सेक्शन ऑफिसर अमित कुमार ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा है।







