बेतिया में आंधी का कहर, छत गिरने से तीन लोग दबे

बेतिया। पश्चिमी चंपारण जिले में रविवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने कई परिवारों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं। मैनाटांड थाना क्षेत्र के सेमरवारी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज हवा के कारण एक घर का छप्पर अचानक गिर गया। इस घटना में घर के अंदर सो रही महिला और दो छोटे बच्चे मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सेमरवारी गांव निवासी लोरिक यादव के घर का छप्पर तेज आंधी के चलते भरभराकर गिर पड़ा। उस समय घर के अंदर उनकी बहू मंतुरा देवी अपने दो बच्चों—8 वर्षीय शिवम कुमार और 1 वर्षीय राहुल कुमार के साथ सो रही थीं। अचानक छप्पर गिरने से तीनों उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत इनरवा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, जिससे परिवार को कुछ राहत मिली है। लेकिन घटना ने गरीब परिवार की स्थिति और भी दयनीय बना दी है। इस बीच स्थानीय समाजसेवी छठू महतो ने प्रशासन को घटना की जानकारी देकर पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा और राहत दी जाए, ताकि वे इस संकट की घड़ी से उबर सकें।

GNSU Admission Open 2026