Robbery gang active in Rohtas busted, seven criminals arrested

सासाराम। रोहतास जिले में लगातार हो रही लूट और छिनैती की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की संलिप्तता जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए कुल 16 लूट कांडों में पाई गई है। रोहतास एसपी रौशन कुमार ने सोमवार को नगर थाने में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 29 मार्च 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवसागर थाना क्षेत्र के लूट कांडों में शामिल अपराधी सासाराम नगर थाना क्षेत्र के नौवत्तम बाजार के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें कई थाना प्रभारियों और जिला आसूचना इकाई की टीम को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने सादे लिबास में नौवत्तम बाजार गुरुद्वारा रोड के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक, मोहित कुमार और अजय प्रजापति को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में दोनों ने लूट गिरोह का सदस्य होने की बात स्वीकार की और कई वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल की।दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों—भुलेटन यादव उर्फ राकेश कुमार, मन्दु पाण्डेय, दिनेश विश्वकर्मा, रौशन कुमार और विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से लूट की घटनाओं में इस्तेमाल की गई एक बुलेट और एक अपाची मोटरसाइकिल भी बरामद की है। साथ ही छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह ने 28/29 मार्च की रात दरिगांव थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक से 60 हजार रुपये की लूट की थी, जिसे दबाव में मोबाइल के जरिए एक खाते में ट्रांसफर कराया गया था। रोहतास एसपी के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों की संलिप्तता सासाराम, शिवसागर, कोचस, करगहर, दरिगांव समेत कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं में पाई गई है। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।रोहतास एसपी ने कहा कि इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA