
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले से इंटर परीक्षा के दौरान एक छात्रा और पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र पर कुछ मिनट की देरी से पहुंचने के कारण छात्रा को प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही छात्रा को परीक्षा केंद्र के गेट पर रोका गया, वह आक्रोशित हो गई और अंदर प्रवेश की जिद करने लगी।
इसी दौरान मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से उसकी तीखी बहस हो गई। जब एक महिला पुलिसकर्मी ने छात्रा को समझाने और रोकने की कोशिश की तो विवाद और बढ़ गया। हालात इस कदर बिगड़ गए कि दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना के दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है
वीडियो में छात्रा रोते हुए यह कहते हुए दिखाई दे रही है कि परीक्षा में शामिल नहीं होने पर उसका एक साल बर्बाद हो जाएगा, जबकि पुलिसकर्मी नियमों का हवाला देते हुए उसे वापस जाने के लिए कहते नजर आ रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अंततः सख्ती बरतनी पड़ी। घटना ने एक बार फिर परीक्षा व्यवस्था की सख्ती और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।






