
सिवान: सिवान जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित इस्लामिया नगर में ससुराल में पत्नी और बच्चे से मिलने पहुंचे एक युवक पर पत्नी के प्रेमी ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यही नहीं जान बचाकर भागते समय युवक पर उसकी पत्नी के भाई ने भी लाठी से हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। घायल युवक की हालत गंभीर है और उसे इलाज के लिए पटना रैफर किया गया है। नवलपुर मोहल्ला निवासी पीड़ित सद्दाम हुसैन ने बताया कि उसकी शादी तीन साल पहले इस्लामिया नगर की नंदनी खातून से हुई थी।
दोनों का दो साल का एक बच्चा भी है। सद्दाम का आरोप है कि शादी के बाद भी उसकी पत्नी का किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध बना रहा और वह अक्सर उससे मोबाइल पर बात करती थी। कुछ समय से नंदनी अपने मायके में रह रही थी और बच्चे को भी साथ ले गई थी। गुरुवार को जब सद्दाम ने बच्चे से मिलने की इच्छा जताई, तो उसे ससुराल बुलाया गया लेकिन जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे उसकी पत्नी के प्रेमी ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। घायल सद्दाम जैसे-तैसे वहां से भागा, तभी उसकी पत्नी के भाई ने भी उस पर लाठी से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल सद्दाम को सदर अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रैफर कर दिया। नगर थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जैसे ही पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त होगा, आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।






