बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर भगवान गौतम बुद्ध की करीब 7.705 किलोग्राम वजन की धातु की प्रतिमा बरामद की है।
एसएसबी की 44वीं वाहिनी नरकटियागंज के ई समवाय मगुराहा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 441 से करीब 6.2 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में निरीक्षक/सामान्य अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम रात्रि गश्त कर रही थी।
इसी दौरान मगुराहा सैनिक रोड की ओर से स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। संदेह के आधार पर टीम ने दोनों को रोककर स्कूटी की तलाशी ली। सीट के नीचे रखे एक थैले से धातु निर्मित भगवान बुद्ध की प्रतिमा बरामद हुई। इसका वजन करीब 7.705 किलोग्राम बताया गया है। तलाशी के दौरान दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के कनघूसरी गांव निवासी साहिद अंसारी और सबुनी गांव निवासी सुद्दू खान के रूप में हुई है। एसएसबी के अनुसार, दोनों कथित तौर पर प्रतिमा को बेचकर मोटी रकम कमाने की फिराक में थे।
बरामद प्रतिमा, स्कूटी और मोबाइल फोन के साथ दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गौनाहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।







