Bihar: Newly married woman hanged herself 40 days after marriage, police investigating; know the whole story

बिहार: बिहार के बेगूसराय जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित चुरामनपुर गांव में एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 22 वर्षीय नेहा देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज 40 दिन पहले, 22 अप्रैल को चुरामनपुर निवासी उमेश सिंह के साथ हुई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही औद्योगिक थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। थाना के अपर थानाध्यक्ष संजय विकास त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम जब उमेश सिंह काम से घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से झांककर देखने पर नेहा फंदे से लटकी हुई नजर आई। इसके बाद उमेश ने अपने पिता और अन्य परिजनों को बुलाया। सभी ने मिलकर दरवाजा तोड़ा और नेहा को नीचे उतारा। परिजनों के अनुसार, उस वक्त नेहा की सांसें चल रही थीं, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

अपर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नेहा का किसी से कोई विवाद सामने नहीं आया है, जिससे आत्महत्या के पीछे के कारणों को लेकर संशय बना हुआ है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल किसी की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। अब पुलिस मृतका के मायके पक्ष के बयान का भी इंतजार कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।