GNSU में CBSE नेशनल गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट की तैयारियां तेज
GNSU gears up for CBSE National Girls Basketball Tournament

सासाराम/जमूहार: गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमूहार परिसर में होने वाले CBSE National Basketball Tournament (Girls) को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नारायण वर्ल्ड स्कूल के आयोजन में होने वाला राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट 20 से 26 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में रोहतास के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, ब्लॉगर और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ बैठक हुई। बैठक में टूर्नामेंट की रूपरेखा, कार्यक्रम की जानकारी और सोशल मीडिया के जरिए आयोजन को व्यापक स्तर पर पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।

GNSU Admission Open 2026

नारायण वर्ल्ड स्कूल की निदेशिका डॉ. मोनिका सिंह ने इन्फ्लुएंसर और ब्लॉगरों को आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से खेल और खिलाड़ियों की प्रतिभा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में कंटेंट क्रिएटर्स की भूमिका महत्वपूर्ण है। डॉ. संगीता सिंह ने भी उपस्थित क्रिएटर्स का स्वागत करते हुए उन्हें आयोजन की कवरेज के लिए आमंत्रित किया।

विश्वविद्यालय की सोशल मीडिया टीम से जुड़े आर्यन सिंह ने भी सभी कंटेंट क्रिएटर्स को आयोजन में भाग लेने का निमंत्रण दिया और आयोजन के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।

इस राष्ट्रीय टूर्नामेंट में देश के विभिन्न हिस्सों से स्कूलों की छात्रा खिलाड़ी और टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन का उद्देश्य स्कूली स्तर पर बास्केटबॉल को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन में बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी दी गई है।

बैठक में विश्वविद्यालय में प्रस्तावित अन्य आयोजनों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि अक्टूबर में इतिहास से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देशभर से इतिहासकार, वैज्ञानिक, प्रोफेसर और शोधार्थियों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही दीप प्रज्वलन से जुड़े कार्यक्रम की भी जानकारी साझा की गई।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में स्थानीय इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर्स की भागीदारी से उन्हें बड़े कार्यक्रमों की कवरेज का अनुभव मिलेगा। वहीं विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधियों को करीब से देखने और सीखने का अवसर मिलेगा।