सीएम भजनलाल ने युवाओं संग जलाए ‘आशीर्वाद के दीये’
CM Bhajan Lal lit 'lamps of blessings' with the youth.

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में युवाओं के साथ ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने बच्चों द्वारा सजाई गई रंगोली पर पत्नी के साथ दीप प्रज्वलित किए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत यूथ बजट को लेकर युवाओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम और विकसित भारत के संकल्प से प्रेरणा लेकर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

GNSU Admission Open 2026

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन समर्पण, राष्ट्रसेवा और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और अन्य क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की पंचायतों में ई-लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अटल ज्ञान केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। साथ ही युवाओं को विदेशी भाषाएं सीखने के अवसर देने के लिए भी समझौते किए गए हैं, ताकि उन्हें देश और विदेश में रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की महत्वपूर्ण ताकत है और मेहनत व लगन से युवा अपने लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम में युवाओं ने रोजगार, शिक्षा, तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास और युवा कल्याण से जुड़े मुद्दों पर आगामी यूथ बजट के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।