अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने पंजाब पुलिस के एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वह थाना गेट हकीमां में तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, एएसआई हरजीत सिंह रात करीब 2:30 बजे दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी। गंभीर रूप से घायल एएसआई को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और संबंधित थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एएसआई हरजीत सिंह के परिवार को सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक की ओर से परिवार को एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मी को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। मुख्यमंत्री और डीजीपी ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले एएसआई को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।







