Will Kochas' four panchayats be separated from Dinara police station? The MLA initiated the matter with the SP.

सासाराम/कोचस: करगहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बशिष्ठ सिंह ने शनिवार को रोहतास एसपी मिस्टर राज से मुलाकात कर कोचस प्रखंड की चार पंचायतों के कुछ गांवों को दिनारा थाना क्षेत्र से हटाकर कोचस थाना क्षेत्र में शामिल करने की मांग की। विधायक ने इस संबंध में एसपी को पत्र सौंपकर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने की पहल की।

विधायक के मुताबिक नौवां, नरवर, चिताव और कंजर पंचायतों के कुछ गांव वर्तमान में दिनारा थाना क्षेत्र में आते हैं, जबकि इन पंचायतों का प्रखंड और अंचल मुख्यालय कोचस है। दिनारा थाना अपेक्षाकृत दूर होने के कारण ग्रामीणों को पुलिस से जुड़े कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

वहीं, संबंधित गांवों से कोचस थाना की दूरी करीब 2 से 3 किलोमीटर है। विधायक ने कहा कि इन गांवों को कोचस थाना क्षेत्र में शामिल किए जाने से ग्रामीणों को पुलिस संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और प्रशासनिक सुविधा भी बेहतर होगी।

विधानसभा में भी उठा चुके हैं मामला

बशिष्ठ सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मांग को लेकर बिहार विधानसभा में भी सवाल उठाया था। उनके अनुसार, उस समय तत्कालीन गृह मंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। इस संबंध में विधानसभा से पत्र भी प्राप्त हुआ है।

इसी पत्र के आधार पर विधायक ने एसपी से थाना क्षेत्र में बदलाव के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर आगे भेजने का अनुरोध किया।

विधायक ने कहा कि कोचस थाना क्षेत्र में इन गांवों को शामिल करने से हजारों ग्रामीणों को सीधे तौर पर सुविधा मिलेगी और पुलिस से जुड़े मामलों में उन्हें कम दूरी तय करनी पड़ेगी।

वहीं, रोहतास एसपी मिस्टर राज ने विधायक को आश्वासन दिया कि मामले की फाइल शीघ्र आगे बढ़ाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।