सासाराम: तकिया रेलवे ओवरब्रिज (फ्लाईओवर) के पैदल पारपथ के दूसरे छोर पर सीढ़ी नहीं होने की समस्या का जल्द समाधान होगा। आम लोगों की परेशानी और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए रोहतास जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, रेलवे के सीनियर डीईएन समेत नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पैदल पारपथ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पारपथ के दूसरे छोर पर सीढ़ी नहीं होने के कारण पैदल यात्रियों को परेशानी होती है। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सीढ़ी निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन, राजस्व विभाग और नगर निगम की टीम अगले 4 से 5 दिनों में सीढ़ी निर्माण के लिए आवश्यक जमीन चिन्हित कर रेलवे को उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी।
जमीन उपलब्ध होने के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा सीढ़ी निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और रेलवे ट्रैक पार करने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।








