
मुंबई: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ गणेश चतुर्थी के मौके पर रिलीज हो गया है। ए.आर. रहमान के संगीत, डॉ. कुमार विश्वास के बोल और अरिजीत सिंह व श्रेया घोषाल की आवाज से सजा यह गीत भगवान श्रीराम के प्रति भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं को दर्शाता है।
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि श्रीराम ‘रामायणम्’ की कहानी के केंद्र में हैं और ‘जय जय राम’ उनके प्रति लोगों के सदियों पुराने आध्यात्मिक जुड़ाव को सामने लाता है। उन्होंने कहा कि फिल्म को भव्य स्तर पर तैयार किया जा रहा है, लेकिन इसकी नींव भावनाओं, मूल्यों और भक्ति पर आधारित है।
संगीतकार ए.आर. रहमान ने बताया कि गीत में श्रीराम के नाम के सरल और प्रभावशाली जाप को प्रमुखता दी गई है। वहीं, गीतकार डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि ‘जय जय राम’ भले ही तीन सरल शब्द हैं, लेकिन इनमें एक पूरी प्रार्थना का भाव समाहित है।
फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब मेकर्स ने यह गाना रिलीज किया है। निर्माताओं के अनुसार, ट्रेलर ने छह दिनों में विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक अरब से अधिक व्यूज हासिल किए थे।
फिल्म में रणबीर कपूर श्रीराम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। ‘रामायणम्’ का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया गया है। फिल्म का पहला भाग दीपावली 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।






