School van collides with PRTC bus, driver and several children injured

मानसा: पंजाब के मानसा जिले में बरेटा के पास एक निजी स्कूल वैन की पीआरटीसी बस से टक्कर हो गई। हादसे में वैन चालक समेत कई स्कूली बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार हादसा बुढलाडा-जाखल मार्ग पर डायलपुरा गांव के पास हुआ। निजी स्कूल की वैन बच्चों को लेकर बरेटा की ओर जा रही थी, जबकि पीआरटीसी बस मानसा से हरियाणा के जाखल जा रही थी।

GNSU Admission Open 2026

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस के सामने अचानक एक मोटरसाइकिल आ गई। मोटरसाइकिल को बचाने के लिए बस चालक ने अचानक ब्रेक लगाए। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूल वैन बस से टकरा गई।

हादसे में वैन चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी एक टांग टूटने की जानकारी है। वहीं, कुछ बच्चों को भी चोटें लगी हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

बरेटा थाना प्रभारी गणेश्वर शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि वैन चालक को गंभीर चोट लगी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।