Home बिहार शौच के लिए निकला युवक, नहर में मिला शव

शौच के लिए निकला युवक, नहर में मिला शव

23
0
Youth went out to relieve himself; body found in canal.

सीवान: सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र स्थित मदारपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शौच के लिए घर से निकले 20 वर्षीय युवक की नहर में डूबने से मौत हो गई। कई घंटों तक तलाश के बाद उसका शव नहर में तैरता मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान मदारपुर गांव निवासी असलम अली के 20 वर्षीय पुत्र आशिक अली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आशिक रोज की तरह सुबह घर से शौच के लिए निकला था। वह गांव के समीप मदारपुर लोहिया पुल के पास स्थित नहर की ओर गया था।

सुबह करीब नौ बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों, खेतों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान नहर की ओर गए कुछ ग्रामीणों की नजर पानी में तैरते एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर शव की पहचान आशिक अली के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। जवान बेटे का शव देखकर माता-पिता बेसुध हो गए। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

GNSU Admission Open 2026

सूचना मिलने पर लकड़ी नबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नहर में पैर फिसलने से डूबने का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि शौच के दौरान संतुलन बिगड़ने से युवक गहरे पानी में चला गया। परिजनों के अनुसार उसे तैरना भी नहीं आता था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि नहर किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इससे पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर के किनारे सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग कराने की मांग की है।