Home बिहार क्रिकेटर आकाशदीप के घर बजेगी शहनाई, शादी की तैयारियां तेज

क्रिकेटर आकाशदीप के घर बजेगी शहनाई, शादी की तैयारियां तेज

21
0
Wedding bells to ring for cricketer Akash Deep; preparations in full swing.

रोहतास: रोहतास जिले के लाल और भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप जल्द हीं एक नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। दरअसल अपनी धारदार गेंदबाजी से भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाने वाले आकाशदीप अब विवाह के बंधन में बंधने वाले हैं। आकाशदीप की शादी रोहतास जिले के डेहरी मानिकपुर निवासी अक्षिता राज के साथ तय हुई है। बता दें कि आकाशदीप का यह रिश्ता पूरी तरह पारिवारिक सहमति से तय हुआ है। रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड अंतर्गत बड्डी गांव स्थित पैतृक घर में शादी को लेकर भव्य तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कार्यक्रम की शुरुआत 21 जून को तिलक समारोह से होगी। इसके बाद 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म गांव में हीं संपन्न होगी। हालांकि मुख्य विवाह समारोह 24 जून को वाराणसी के एक प्रतिष्ठित पांच सितारा होटल में आयोजित किया जाएगा। क्रिकेटर आकाशदीप की शादी पूरे गांव के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। परिवार के साथ-साथ गांववासी भी बहुत खुश हैं और शादी की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं।

गांव में सजावट का काम शुरू हो चुका है। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार तैयारियों में जुटे हैं, जबकि ग्रामीण भी इस आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। आकाशदीप की जीवनसंगिनी अक्षिता राज डेहरी आन सोन के मानिकपुर गांव निवासी अमित कुमार सिंह की पुत्री हैं। वह एक सामान्य और मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। हालांकि अक्षिता ने शुरुआती पढ़ाई दिल्ली से पूरी की है और झारखंड स्थित बीआईटी मेसरा से स्नातक किया है। वाराणसी में होने वाले विवाह समारोह में खेल जगत के साथ-साथ अन्य कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाशदीप बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, रोहतास जिलाधिकारी उदिता सिंह, सासाराम एसडीएम डॉ नेहा कुमारी समेत कई लोगों को आमंत्रित किया है और फिलहाल शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के सिलसिले में आकाशदीप शहर से बाहर हैं। शादी समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है।

GNSU Admission Open 2026

सदर एसडीएम नेहा कुमारी एवं सासाराम एसडीपीओ विप्लव कुमार शुक्रवार को आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए स्थल का निरीक्षण किया। एसडीएम नेहा कुमारी ने बताया कि आकाशदीप के तिलक समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आने की संभावना को देखते हुए विधि व्यवस्था का जायजा लिया गया है। आकाश दीप मूल रूप से जिले के शिवसागर प्रखंड अंतर्गत बड्डी गांव के निवासी हैं। रोहतास के एक छोटे गांव से आने वाले आकाशदीप बंगाल की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और उन्होंने साल 2019 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। इससे पूर्व आकाशदीप आईपीएल में आरसीबी एवं लखनऊ की तरफ से खेल चुके हैं और उन्होंने टेस्ट मैचों में भारतीय क्रिकेट टीम की तरफ से खेलते हुए भी अपने गेंदबाजी व बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है। आकाशदीप, स्वतंत्रता सेनानी और वीर कुंवर सिंह के सहयोगी रहे बाबू निशान सिंह की पीढ़ी के वंशज हैं। बता दें कि अंग्रेजों के विरुद्ध 1857 के विद्रोह के बाद बाबू निशान सिंह को अंग्रेजों ने 7 जून 1858 को सासाराम के गौरक्षणी में तोप के मुँह पर बाँधकर उड़ा दिया गया था। निशान सिंह स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए शहीद हो गये और आज उनके परपोते क्रिकेट के मैदान पर विरोधियों के छक्के छुड़ाते हैं।