आरा। भोजपुर जिले में एक प्रॉपर्टी डीलर को बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर गोली मारकर घायल कर दिया। घटना चौकीपुर पासवान चौक इलाके की बताई जा रही है। गोलीबारी में प्रॉपर्टी डीलर राजू कुमार यादव को दो गोलियां लगीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजू कुमार यादव, पिता अंगद यादव, घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने राजू यादव को निशाना बनाते हुए कई गोलियां चलाईं। गोलीबारी में एक गोली उनके पेट और दूसरी कमर में लगी।
वारदात के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल राजू यादव को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकोन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उनके शरीर में लगी गोलियां निकाल दीं। फिलहाल घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल राजू यादव ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे के अपहरण को लेकर कुछ समय पहले प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उनका कहना है कि यह मामला फिलहाल अदालत में चल रहा है। राजू यादव ने आरोप लगाया कि मामले को वापस लेने के लिए उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। उन्होंने आशंका जताई कि इसी विवाद के चलते उन्हें निशाना बनाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस घटना के पीछे के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। साथ ही, घायल के बयान और पूर्व में दर्ज प्राथमिकी से जुड़े तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है। वारदात के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।






