पटना: विशेष निगरानी इकाई ने ठेकेदार रिशु श्री को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी टेंडर में हेराफेरी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हुई है। बुधवार की देर रात विशेष निगरानी इकाई की टीम ठेकेदार रिशु श्री के मीठापुर स्थित आवास पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें विशेष निगरानी इकाई दफ्तर ले जाया गया, जहाँ देर रात तक उनसे कड़ी पूछताछ की गई। विशेष निगरानी इकाई का कहना है कि टीम के पास रिशु श्री के खिलाफ पक्के सबूत हैं, जिनके आधार पर आगे की पूछताछ की जा रही है।
इससे पहले बुधवार सुबह विशेष निगरानी इकाई की टीम ने पटना के मीठापुर स्थित कामत रामसखी इंक्लेव के फ्लैट नंबर-5A में छापेमारी की थी। यह सर्च ऑपरेशन करीब 11 घंटे तक चली। इस दौरान टीम को फ्लैट से लगभग 2 करोड़ के कीमती आभूषण बरामद हुए हैं। साथ ही 2.5 लाख नकद भी मिले हैं। इसके अलावा कई प्रॉपर्टी के कागजात, जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच चल रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक रिशुश्री के संबंध कई आईएएस अधिकारियों के साथ रहे हैं, जिनमें संजीव हंस का नाम भी चर्चा में है। हालांकि, इस बात की पुष्टि के संबंध में विशेष निगरानी इकाई की टीम का कहना है कि इस बिंदु पर फिलहाल जांच की जा रही है। चर्चा यह भी है कि रिशु श्री सीधे आईएएस अधिकारियों से ही बात करता था और फिर अपने अनुरूप काम करता भी था और काम करवाता भी था।







