Home बिहार पैरों में जंजीर, हाथों में ताले… मदरसे का चौंकाने वाला मामला

पैरों में जंजीर, हाथों में ताले… मदरसे का चौंकाने वाला मामला

30
0
Chains on feet, locks on hands... Shocking case at a madrasa.

दरभंगा: दरभंगा जिले से बच्चों के उत्पीड़न का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एपीएम थाना क्षेत्र स्थित एक मदरसे से चार नाबालिग बच्चे पैरों और हाथों में जंजीर व ताला लगे होने की हालत में भाग निकले। बच्चों ने मदरसे के मौलाना पर मारपीट करने, शौचालय साफ कराने और अन्य काम कराने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और चाइल्डलाइन की टीम सक्रिय हो गई है। जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे मधुबनी जिले के अररिया संग्राम क्षेत्र के रहने वाले हैं और करीब एक माह पहले कुरान की शिक्षा ग्रहण करने के लिए मदरसा इस्लामिया नगर बलुआहा आए थे।

बच्चों का आरोप है कि मदरसे में उनसे पढ़ाई के बजाय शौचालय की सफाई, जलावन काटने और अन्य काम कराए जाते थे। जब वे इसका विरोध करते या घर जाने की बात करते थे, तो उनके साथ मारपीट की जाती थी। बच्चों ने बताया कि लगातार विरोध करने के कारण मौलाना ने उनके पैरों में जंजीर और ताले लगवा दिए थे, ताकि वे मदरसा छोड़कर भाग न सकें। बच्चों के अनुसार, शुक्रवार को जुमे की नमाज के लिए मौलाना बाहर गए थे और उन्हें मदरसे में बंद कर दिया गया था। इसी दौरान वे किसी तरह बाउंड्री पार कर वहां से निकलने में सफल हो गए। भागते-भागते वे बहादुरपुर थाना क्षेत्र के सिनुआरा गांव पहुंच गए, जहां एक पेड़ के नीचे बैठ गए।

GNSU Admission Open 2026

ग्रामीणों की नजर जब बच्चों के पैरों में बंधी जंजीरों और ताले पर पड़ी तो वे हैरान रह गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीण कन्हैया चौधरी और सुमन सिंह ने बताया कि बच्चों के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। बच्चों की आपबीती सुनने के बाद उन्होंने तत्काल चाइल्डलाइन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बहादुरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक पूछताछ की। बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसूनजय कुमार ने बताया कि सभी बच्चों को चाइल्डलाइन की मदद से चाइल्ड केयर संस्थान को सौंप दिया गया है। बच्चों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और वे दरभंगा के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों के पहुंचने के बाद नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर बच्चों को उनके हवाले किया जाएगा। वहीं पूरे मामले की जांच की जा रही है।