Home बिहार बारिश से लहलहाई गन्ने की फसल, इस साल रिकॉर्ड उत्पादन की उम्मीद

बारिश से लहलहाई गन्ने की फसल, इस साल रिकॉर्ड उत्पादन की उम्मीद

163
0
बारिश से लहलहाई गन्ने की फसल, इस साल रिकॉर्ड उत्पादन की उम्मीद

पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया और आसपास के इलाकों में हाल ही में हुई बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी लौटा दी है. करीब 1.57 इंच वर्षा होने से गन्ने की फसल को नया जीवन मिला है और खेतों में हरियाली छा गई है. लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह राहत भरी खबर है। बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी बनने से गन्ने की बढ़वार तेज हो गई है. किसान उम्मीद जता रहे हैं कि इस वर्ष उत्पादन रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकता है. नमी बढ़ने से अब यूरिया खाद का छिड़काव और फोलियर स्प्रे करना भी आसान हो गया है, जिससे फसल को जरूरी पोषण मिल रहा है और पौधे तेजी से विकसित हो रहे हैं। चीनी मिल प्रबंधन ने भी इस स्थिति पर संतोष जताया है. मिल की ओर से किसानों को संतुलित मात्रा में यूरिया के उपयोग की सलाह दी गई है, ताकि गन्ने में अच्छे कल्ले निकलें और पौधे मजबूत बनें. साथ ही सूक्ष्म पोषक तत्वों के फोलियर स्प्रे पर जोर दिया जा रहा है, जिससे फसल की गुणवत्ता और पैदावार दोनों में सुधार हो सके। मिल के कार्यपालक अध्यक्ष रविन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि यह बारिश गन्ने के लिए अमृत के समान है. उन्होंने किसानों को चूषक कीटों से बचाव के लिए नियमित दवा छिड़काव करने और खाली खेतों में गहरी जुताई करने की सलाह दी है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा और किसान वैज्ञानिक तरीके अपनाते रहे, तो नरकटियागंज क्षेत्र इस वर्ष गन्ना उत्पादन में नया रिकॉर्ड बना सकता है. गन्ना उद्योग विभाग के अधिकारियों ने भी इस बारिश को किसानों और चीनी मिलों दोनों के लिए सकारात्मक संकेत बताया है।

GNSU Admission Open 2026