ग्रेटर नोएडा। विश्व समुद्र की प्रस्तुति और नालको के सहयोग से ‘कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप’ का आयोजन ग्रेटर नोएडा स्थित जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट में किया जाएगा। टूर्नामेंट में कुल दो करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। यह प्रतियोगिता कपिल देव इनविटेशनल का चौथा संस्करण है, जिसे पहली बार ‘टूर चैंपियनशिप’ के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में 64 पेशेवर गोल्फर हिस्सा लेंगे। इनमें डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के मौजूदा शीर्ष 60 खिलाड़ी शामिल हैं। यह टूर्नामेंट ‘रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप’ के सीजन फिनाले के लिए शीर्ष 24 खिलाड़ियों के चयन से पहले आखिरी महत्वपूर्ण मुकाबला है। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए टूर्नामेंट का प्रदर्शन बेहद अहम माना जा रहा है।
प्रतियोगिता में भारतीय गोल्फ के कई प्रमुख खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। इनमें भारतीय स्टार शुभंकर शर्मा, मौजूदा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन युवराज संधू, मौजूदा ऑर्डर ऑफ मेरिट लीडर सप्तक तलवार, खलिन जोशी, वीर अहलावत, हनी बैसोया, अक्षय शर्मा और राशिद खान शामिल हैं। सप्तक तलवार अपने घरेलू मैदान पर खेलेंगे। ग्रेटर नोएडा से जुड़े अन्य खिलाड़ियों में अमरदीप मलिक और अर्जुन शर्मा भी शामिल हैं।
टूर्नामेंट में आठ देशों के 10 विदेशी पेशेवर खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। इनमें श्रीलंका के एन. थंगराजा, इटली के मिशेल ओर्टोलानी, बंगलादेश के जमाल हुसैन, बादल हुसैन और मो. अकबर हुसैन, नेपाल के सुभाष तमांग, चेक गणराज्य के स्टेपन डनेक, युगांडा के जोशुआ सील, थाईलैंड के तनापत पिचाईकूल और जापान के कोइचिरो इशिका शामिल हैं।
टूर्नामेंट का एक प्रमुख आकर्षण प्रो-एम प्रतियोगिता भी होगी। चारों राउंड में अलग-अलग एमेच्योर खिलाड़ी पेशेवरों के साथ टीम बनाकर हिस्सा लेंगे। प्रत्येक टीम में एक पेशेवर और एक एमेच्योर खिलाड़ी होगा। एमेच्योर खिलाड़ी ‘मॉडिफाइड स्क्रैम्बल’ जबकि पेशेवर खिलाड़ी ‘स्ट्रोक प्ले’ प्रारूप में खेलेंगे। पेशेवर का स्कोर दोनों प्रतियोगिताओं के लिए मान्य होगा और प्रत्येक राउंड के बाद शीर्ष तीन प्रो-एम टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के प्रेसिडेंट कपिल देव ने कहा कि टूर्नामेंट का नया प्रारूप पेशेवर और एमेच्योर खिलाड़ियों को एक साथ प्रतिस्पर्धा का अनुभव देगा। उन्होंने कहा कि शीर्ष खि







