दरभंगा जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. इंटोखर पोखर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार ससुर और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों की पहचान राढ़ी पूर्वी पंचायत के कुम्हरौली निवासी राम भरोस प्रसाद और उनके दामाद संतोष कुमार साह के रूप में हुई है, जो सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के सनहपुर मखनपुर के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि संतोष अपने नए घर में आयोजित गृह प्रवेश और पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ससुर को बाइक से लेकर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, खिरोई नदी के पश्चिम इंटोखर पोखर और ब्रह्मपुर हाट के बीच यह हादसा हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमतौल की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई और पलट गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया। इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. जिस घर में गृह प्रवेश की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।







