
गया: बिहार की राजनीति में अहम माने जा रहे गयाजी दौरे को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के स्वागत की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एयरपोर्ट से लेकर विष्णुपद मंदिर, महाबोधि मंदिर और शंकराचार्य मठ तक पूरे मार्ग को राजनीतिक उत्साह और धार्मिक आस्था के संगम में बदल दिया गया है। मुख्यमंत्री के स्वागत में भाजपा, जदयू और एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने को तैयार हैं। जगह-जगह स्वागत द्वार, फूलमालाएं और बैंड-बाजा की व्यवस्था की गई है। यह दौरा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इसे विकास योजनाओं के संदेश से भी जोड़ा जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गयाजी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे प्रस्तावित विष्णुपद कॉरिडोर और घाटों का निरीक्षण करेंगे। माना जा रहा है कि इस निरीक्षण के जरिए सरकार धार्मिक पर्यटन और आधारभूत संरचना को लेकर अपनी प्राथमिकता स्पष्ट करेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री बोधगया पहुंचकर महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध के दर्शन करेंगे और प्रस्तावित बोधगया कॉरिडोर की योजनाओं की समीक्षा करेंगे। दौरे के अंतिम चरण में शंकराचार्य मठ में एक आमसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि यह दौरा ऐतिहासिक होगा और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। वहीं, अति पिछड़ा आयोग के सदस्य अमित कुमार दांगी ने बताया कि स्वागत में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। जदयू नेता रंजीत यादव ने भी दावा किया कि यह दौरा गया में एनडीए की राजनीतिक मजबूती का बड़ा संदेश देगा।






