पटना: बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है, जिससे लोगों को राहत महसूस हो रही है। राज्य के कई हिस्सों में कभी हल्की धूप तो कभी बादलों की आवाजाही के साथ झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आज राज्य के 33 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही वज्रपात यानी बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से अगले चार से पांच दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला। लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और जमुई में तेज बारिश के साथ आंधी चली, जबकि सारण जिले में तेज हवाओं ने लोगों को परेशान किया। राजधानी पटना में भी सुबह बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं, हालांकि दोपहर में धूप निकल आई, लेकिन शाम होते-होते मौसम फिर बदल गया। इधर, बदले मौसम का असर किसानों पर भी पड़ा है। तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण आम और लीची की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर अधपके आम पेड़ों से गिर गए, जबकि लीची की टहनियां भी टूट गईं। मौसम विभाग ने किसानों को खराब मौसम के दौरान खुले में काम न करने और सतर्क रहने की सलाह दी है।







