Solar Chariot gets green signal in Mohania, people will be made aware about installing solar panels in every house.

कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और लोगों को सरकार की सब्सिडी योजना की जानकारी देने के उद्देश्य से बिजली विभाग की ओर से शुक्रवार को सोलर रथ रवाना किया गया। मोहनिया बिजली विभाग के एसडीओ जितेंद्र कुमार और जेई श्रीकांत उपाध्याय ने सोलर रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह सोलर रथ मोहनिया और दुर्गावती प्रखंड के विभिन्न इलाकों में घूमकर लोगों को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए जागरूक करेगा। इसके जरिए उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के फायदे और सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

GNSU Admission Open 2026

एसडीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र और बिहार सरकार की ओर से घरों पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। उनके अनुसार, एक किलोवाट के सोलर पैनल पर 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 80 हजार रुपये और तीन किलोवाट तक के सोलर पैनल पर 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि योजना सीमित लक्ष्य के तहत पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लागू है। मोहनिया क्षेत्र में करीब 1500 घरों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग के अनुसार, योजना का लाभ लेने की निर्धारित अवधि 31 मार्च तक है।

बिजली विभाग का कहना है कि घरों में सोलर पैनल लगाने से स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, बिजली पर निर्भरता कम होने से उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल में भी कमी आने की उम्मीद है।

एसडीओ ने मोहनिया और दुर्गावती प्रखंड के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की कि वे सरकार की योजना का लाभ उठाकर अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाएं। सोलर रथ के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में योजना का लगातार प्रचार-प्रसार किया जाएगा।