A molestation dispute in Kaimur turns violent, with two groups fighting fiercely; 9 people injured.

कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में छेड़खानी के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर मारपीट हो गई। मोहनिया थाना क्षेत्र के मामा देव गांव में हुई इस घटना में कुल नौ लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक युवती से कथित छेड़खानी को लेकर हुई। घायल अभिमन्यु राम ने बताया कि उनकी बेटी मोहनिया पढ़ने के लिए आई थी। इसी दौरान मुंडेश्वरी गेट के पास उनके ही गांव के एक युवक पर बेटी से छेड़खानी करने का आरोप है।

GNSU Admission Open 2026

परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह जब वे शौच के लिए बाहर गए थे, तभी दूसरे पक्ष के कुछ लोग कथित तौर पर धारदार हथियार लेकर पहुंचे और उन्हें घेर लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना में लड़की पक्ष के इंद्रजीत कुमार, लक्ष्मण राम, अजीत कुमार और अभिमन्यु राम घायल हुए।

वहीं, दूसरे पक्ष से क्षैबर राम, रामवृक्ष राम, जगजीवन राम, राम शरद राम और सारधा देवी के घायल होने की जानकारी सामने आई है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रामवृक्ष राम और जगजीवन राम को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद मोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस घटना के कारणों, मारपीट और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

फिलहाल गांव में स्थिति पर पुलिस नजर बनाए हुए है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।