Home बिहार Bihar News: 10वीं की छात्रा के अचानक लापता होने से मचा हड़कंप,...

Bihar News: 10वीं की छात्रा के अचानक लापता होने से मचा हड़कंप, रेलवे ट्रैक पर मिला स्कूल ड्रेस और बैग

24
0
Bihar News: The sudden disappearance of a 10th-grade student caused a stir, with her school uniform and bag found on the railway track.

पटना: केंद्रीय विद्यालय खगौल की 10वीं कक्षा की छात्रा सपना कुमारी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। छात्रा के स्कूल से निकलने के बाद घर नहीं पहुंचने और सरारी गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर उसका स्कूल ड्रेस और बैग मिलने से परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर आगजनी कर सरारी-बिहटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।


जानकारी के अनुसार, खगौल थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले संजय कुमार की बेटी सपना कुमारी केंद्रीय विद्यालय खगौल में 10वीं कक्षा में पढ़ती है। सोमवार को स्कूल की छुट्टी करीब डेढ़ बजे हुई थी। परिजनों के मुताबिक, छुट्टी के बाद छात्रा घर के लिए निकली, लेकिन करीब दो बजे तक घर नहीं पहुंची। काफी देर तक छात्रा के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया। स्कूल की ओर से बताया गया कि छुट्टी के बाद छात्रा स्कूल से निकल गई थी।

परिजनों ने शाम करीब चार बजे थाने में लिखित आवेदन देकर छात्रा के लापता होने की सूचना दी। इसी दौरान सरारी गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर छात्रा का स्कूल ड्रेस और बैग मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई।

GNSU Admission Open 2026

छात्रा के चाचा ने आरोप लगाया कि पुलिस को सूचना देने और लिखित आवेदन देने के बावजूद समय रहते छात्रा की तलाश शुरू नहीं की गई। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए।

प्रदर्शनकारियों ने सरारी गुमटी के समीप आगजनी कर सरारी-बिहटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके अलावा खगौल और शाहपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। सड़क जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी है। रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में बने कई खंडहरनुमा क्वार्टरों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। लोगों ने आशंका जताते हुए इन स्थानों की भी जांच कराने की मांग की है। छात्रा की तलाश में स्थानीय पुलिस के साथ रेल पुलिस भी जुटी हुई है।