हैदराबाद: तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मंगलवार को राज्य सरकार से उन लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग की जिनकी जमीन, घर और अन्य संपत्तियां राजीव राजमार्ग परियोजना के विस्तार में अधिग्रहित कर ली गई थी।
श्री राव ने खारखाना में प्रभावित लोगों द्वारा आयोजित विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए उनकी मांग का समर्थन किया और भाजपा की ओर से हरसंभव साथ देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने लोगों के विकास के खिलाफ नहीं होने की बात करते हुए जनहित में किए जा रहे राजमार्ग विस्तार में उनके सहयोग की बात दोहराई।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इस परियोजना के लिए अपनी संपत्ति दी हैं, उन्हें संपत्ति की वास्तविक बाजार कीमत के हिसाब से मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि खारखाना में प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे की राशि को तुमकुंटा इलाके में दी गई बढ़ोतरी की तर्ज पर बढ़ाया जाए। उन्होंने बताया कि खारखाना, तुमकुंटा की तुलना में एक अधिक महंगा शहरी इलाका है और वहां अपनी संपत्ति गंवाने वाले लोगों को कम मुआवजा देना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने सरकार से उचित निर्णय लेने और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने का आग्रह किया।
श्री राव ने कहा कि भाजपा राजीव राजमार्ग परियोजना से प्रभावित लोगों की उचित मांगों के साथ खड़ी रहेगी और सरकार से अपील की कि वह उन्हें उचित और सही मुआवजा देकर उनके त्याग का सम्मान करे।







