Home बिहार बिहार पुलिस भर्ती घोटाले का भंडाफोड़, 15 गिरफ्तार

बिहार पुलिस भर्ती घोटाले का भंडाफोड़, 15 गिरफ्तार

32
0
Bihar police recruitment scam busted; 15 arrested.

मुंगेर: बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित फर्जीवाड़ा, प्रतिरूपण और जालसाजी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने मुंगेर पुलिस के सहयोग से 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पकड़े गए सभी आरोपितों को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि भर्ती परीक्षा में धांधली से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं। यह कार्रवाई सचिवालय थाना कांड संख्या 160/25 और गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 76/25 के तहत दर्ज मामलों में की गई है।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली थी कि सिपाही भर्ती परीक्षा में कुछ अभ्यर्थियों की जगह दूसरे लोगों से परीक्षा दिलाई गई थी। इसके अलावा फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अवैध तरीके से चयन सुनिश्चित कराने की भी कोशिश की गई थी। इसी मामले में फरार चल रहे आरोपितों की तलाश में पटना पुलिस की विशेष टीम मुंगेर पहुंची थी। पुलिस ने बरियारपुर थाना क्षेत्र के काजीचक रतनपुर निवासी राजा बाबू को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शामपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी रौशन कुमार, लोहची निवासी सत्यम कुमार और शिवपुर लौंगाय निवासी गोपाल कुमार को भी पकड़ा गया। सफियासराय थाना क्षेत्र के महमदपुर फरदा निवासी छोटू कुमार और वरुण कुमार, बांक फरदा निवासी रंजन कुमार तथा कासिम बाजार थाना क्षेत्र के नवटोलिया निवासी सुधीर कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।

GNSU Admission Open 2026

तारापुर अनुमंडल क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संग्रामपुर थाना क्षेत्र के ददरीजाला निवासी सन्नू कुमार को गिरफ्तार किया। इसके अलावा हरपुर थाना क्षेत्र के बलराम कुमार और मिथुन कुमार, तारापुर थाना क्षेत्र के काजीचक मिल्की निवासी राहुल कुमार, मोहंगंज निवासी सुभाष पासवान तथा महापुर निवासी रामजीवन कुमार तांती को भी हिरासत में लिया गया। मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पटना में दर्ज दोनों मामलों के फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस की टीम मुंगेर आई थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से सभी 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन पड़ताल की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी हुई है और जल्द ही इस मामले में और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।