गयाजी के मानपुर में अंधाधुंध फायरिंग से दहला इलाका

गया। Gaya जिले के मानपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरी कॉलोनी में शनिवार सुबह अंधाधुंध फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, रोड नंबर-1 स्थित एक घर को निशाना बनाकर बाइक सवार बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह फायरिंग आपसी वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम है। बदमाशों ने जिस घर को निशाना बनाया, उसकी खिड़की के शीशे टूट गए और दीवारों पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। सुबह-सुबह हुई इस घटना से कॉलोनी के लोग सहम गए और पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। घटना की तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अब तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले 18 घंटे के भीतर इलाके में यह दूसरी गोलीबारी की घटना है। इससे पहले प्रखंड कार्यालय के समीप जगदीशपुर मोहल्ले में दिनदहाड़े फायरिंग हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। हैरानी की बात यह है कि ताजा घटना मुफस्सिल थाने से महज 200 गज की दूरी पर हुई। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि अपराधियों पर जल्द अंकुश लगाया जा सके।

GNSU Admission Open 2026