समस्तीपुर: बिहार में समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर गांव में अपराधियों ने शराब कारोबारी प्रभात चौधरी समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र में निमाचक गांव निवासी एवं शराब कारोबारी प्रभात चौधरी और उसके साथी बेलसंडी गांव निवासी सन्नी कुमार की मंगलवार की रात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
सूत्रों ने बताया कि मृतक प्रभात चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है। हत्या का कारण आपसी वर्चस्व की लड़ाई बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मिथिला क्षेत्र, दरभंगा के पुलिस उप- महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।







