मुंबई: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘विमल इलायची’ के ‘सरोगेट विज्ञापनों’ के ज़रिए प्रतिबंधित पान मसाला का प्रचार करने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि इन अभिनेताओं ने विज्ञापनों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘विमल इलायची’ का प्रचार करके कथित तौर पर ‘विमल पान मसाला’ का अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार किया, जिस पर महाराष्ट्र में प्रतिबंध लगा है। एफडीए ने इन अभिनेताओं से कहा है कि वे तुरंत इस अभियान से अपना जुड़ाव खत्म करें और अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट और वेबसाइटों से इससे संबंधित प्रचार सामग्री हटा दें।
नियामक ने उनके समर्थन अनुबंध, अभियान विवरण, मेहनताने का विवरण और समझौतों से पहले की गयी जांच-पड़ताल से जुड़े दस्तावेज़ों की प्रतियां भी मांगी हैं। तीनों अभिनेताओं को यह बताने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है कि संबंधित प्रावधानों के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए। अधिकारियों ने कहा कि भ्रामक विज्ञापनों के लिए उपभोक्ता संरक्षण कानूनों के तहत 10 लाख रुपये से 50 लाख रुपये तक का जुर्माना लग सकता है। साथ ही उत्पादों का प्रचार करने पर तीन साल तक का प्रतिबंध भी लग सकता है।
एफडीए सरोगेट विज्ञापनों पर कड़ी नज़र रख रहा है, खासकर उन अभियानों पर जिनमें इलायची जैसे स्वीकृत उत्पादों के लिए प्रतिबंधित तंबाकू या पान मसाला उत्पादों जैसी ब्रांडिंग, लोगो और पैकेजिंग का इस्तेमाल किया जाता है। अभिनेताओं या ब्रांड की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।







