कैमूर। बेल्जियम से ओडिशा के बंदरगाह के रास्ते भारत पहुंचा एक विशाल ट्रक इन दिनों कैमूर में लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ट्रक के कैमूर पहुंचते ही इसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटने लगी। खासकर युवाओं में इस विशाल वाहन को लेकर काफी उत्सुकता दिखाई दी। लोग इसके साथ सेल्फी और तस्वीरें लेते नजर आए।
बताया जा रहा है कि यह ट्रक ओडिशा पोर्ट से झारखंड और बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा है। इसकी लंबाई और आकार सामान्य ट्रकों से काफी अधिक होने के कारण इसे रास्ते में कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, इस विशाल वाहन को ओडिशा से कैमूर पहुंचने में करीब पांच महीने का समय लग चुका है। अब इसे अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंचने में भी कई महीने लगने की संभावना जताई जा रही है। ट्रक के आकार को देखते हुए कई स्थानों पर सड़क और पुल इसकी आवाजाही के लिए चुनौती बन रहे हैं।
बताया गया कि एनएच-19 पर बने कुछ ओवरब्रिज से गुजरने में भी ट्रक की अधिक ऊंचाई के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे स्थानों पर वाहन को निकालने के लिए टीम को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
ट्रक के साथ चल रही टीम के सदस्य रास्ते में खुद खाना बनाकर भोजन करते हैं। स्थानीय लोगों के बीच इस विशाल वाहन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। बताया जा रहा है कि इसे ओडिशा से अंतिम गंतव्य तक पहुंचाने में करोड़ों रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है।
विशाल ट्रक को देखने पहुंचे कुछ लोगों ने बिहार सरकार से कैमूर और रोहतास जैसे जिलों में इसी तरह के बड़े औद्योगिक कारखाने स्थापित करने की मांग की। लोगों का कहना है कि ऐसे उद्योग स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।







