फॉक्सबोरो: मोरक्को की फुटबॉल टीम के मुख्य कोच मोहम्मद ओउहबी ने कहा कि गुरुवार को फ्रांस के खिलाफ विश्व कप क्वार्टर फाइनल में उनकी टीम स्टार फॉरवर्ड इस्माइल सैबारी के बिना खेलेगी। क्वार्टरफाइनल की पूर्व संध्या पर बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ओउहबी ने कहा, “साइबारी को छोड़कर सभी खिलाड़ी उपलब्ध हैं, क्योंकि उनके लिए यह मैच बहुत जल्दी है, हालांकि मुझे उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर नहीं हुए हैं।”
उन्होंने कहा, “ सभी खिलाड़ी उपलब्ध हैं, हालांकि हम निश्चित रूप से केवल उन्हीं खिलाड़ियों का चयन करेंगे जो शत प्रतिशत फिट हों। जब आप किसी प्रतियोगिता में बहुत आगे जाना चाहते हैं, तो आपको सबकी जरूरत होती है, और जो खिलाड़ी शुरुआती 11 में नहीं हो सकते, वे जानते हैं कि उनके पास मैच खत्म करने का मौका है। हमारे पास शुरुआती खिलाड़ी हैं, और जब अन्य खिलाड़ियों को सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान में उतारा जाता है, तो वे हमारे लिए मैदान पर फर्क ला सकते हैं। यह टीम के लिए एक सकारात्मक बात है, और इससे हमें काफी आत्मविश्वास मिलता है।”
शनिवार को ह्यूस्टन में कनाडा के खिलाफ मोरक्को की 3-0 से जीत के दौरान , साइबारी को मैच के 22 मिनट बाद कुछ असुविधा के कारण मैदान से बाहर ले जाया गया था, और पिछले कुछ दिनों से उनकी हैमस्ट्रिंग की चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए चिकित्सा परीक्षण और विश्लेषण किए जा रहे हैं। टीम के बोस्टन पहुंचने के बाद सोमवार को किए गए एमआरआई से पता चला है कि चोट इतनी गंभीर नहीं है कि उन्हें पूरी प्रतियोगिता से बाहर रहना पड़े।







