Home अंतरराष्ट्रीय मंधाना की नाबाद 88 रनों से सुपर जायंट्स को मिली रोचक जीत

मंधाना की नाबाद 88 रनों से सुपर जायंट्स को मिली रोचक जीत

13
0
Mandhana's unbeaten 88 powered the Super Giants to a thrilling win.

सिडनी: स्मृति मंधाना (नाबाद 88) रनों की अर्धशतकीय पारी की बदौलत मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने द हंड्रेड (महिला) के 10वें मुकाबले में सनराइजर्स लीड्स को चार विकेट से हरा दिया। सनराइजर्स ने चार विकेट पर 142 रन बनाए थे और जवाब में 143 रनों लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर जायंट्स को लगातार झटके लग रहे थे। इस दौरान मंधाना एक छोर पर डटी रहीं और सुपर जायंट्स को जीत दिलाकर ही लौटीं। सुपर जायंट्स का एक अन्य भारतीय खिलाड़ी ऋचा घोष मात्र चार रन ही बना सकीं। इस मैच में दीप्ति शर्मा भी खेल रही थीं, हालांकि वह मांधना और घोष की विपक्षी टीम सनराइजर्स के दल में थीं। दीप्ति ने मुक़ाबले में दो अहम कैच लपके जिसमें घोष का कैच भी शामिल था। मंधाना के अलावा केवल सुपर जायंट्स की कप्तान मेग लानिंग ही दहाई अंक को छू पाईं और उन्होंने कुल 24 रन बनाए। मांधना के साथ मिलकर लानिंग ने पहले विकेट के लिए 31 गेंदों पर 42 रनों की साझेदारी की लेकिन इसके बाद सुपर जायंट्स को लगातार झटके लगते रहे। एक समय सुपर जायंट्स का स्कोर एक विकेट पर 61 रन था लेकिन इसके बाद 10 रनों के भीतर ही सुपर जायंट्स ने चार विकेट गंवा दिए। टीम का स्कोर जब 99 रन था तब ग्रेस स्क्रिवेंस नौ के निजी स्कोर पर रन आउट हो गईं। यहां से 25 गेंदों में सुपर जायंट्स को जीत के लिए अभी भी 43 रनों की दरकार थी।


यहां से मंधाना ने कैथरीन ब्राइस के साथ मिलकर साझेदारी बनाई और अंत में लगातार दो छक्के जड़ते हुए सुपर जायंट्स को सीज़न की दूसरी जीत दिलाई। मंधाना ने 50 गेंदों में सात चौके और चार छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 88) रन बनाये। मंधाना जब 30 के निजी स्कोर पर थीं तब फ़ीबि लिचफील्ड ने उनका कैच छोड़ दिया। जब सुपर जायंट्स को 10 गेंदों पर 16 रनों की दरकार थी तब डार्सी कार्टर के हाथों से गेंद छूटकर चौके के लिए निकल गई। इन दो मौक़ों को छोड़ दें तो मंधाना ने एक शानदार पारी खेली। शुरुआत में वह कुछ संभलकर खेलीं और 33 गेंदों पर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया।

GNSU Admission Open 2026


इससे पहले सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर सनराइजर्स को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया था और जेस जॉनसन के रूप में उन्हें शुरुआती झटका भी लग गया था। जॉनासन के रन आउट होने के बाद ब्रायोनी स्मिथ और लिचफील्ड के बीच साझेदारी पनपी और दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। हालांकि मैडी विलियर्स ने इस साझेदारी को टीम के 57 के स्कोर पर तोड़ा और इसके बाद लिचफ़ील्ड भी 31 के निजी स्कोर पर ब्राइस का शिकार बन गईं। लिचफील्ड की पारी का अंत मंधाना ने कैच लपक कर किया और तब तक सनराइज़र्स ने 64 गेंदों पर बोर्ड पर 74 रन जोड़ लिए थे। हालांकि इसके बाद एनाबेल सदरलैंड ने आक्रमण करते हुए सनराइज़र्स की पारी को गति दे दी। दूसरे छोर पर लॉरेन विनफील्ड हिल ने भी सदरलैंड का साथ दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों पर 49 रनों की साझेदारी हुई। सदरलैंड ने 24 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 35 रन बनाए। एक बार फिर मंधाना ने कैच लपकते हुए सदरलैंड की पारी का अंत किया। कप्तान डैनियल गिब्सन ने छह गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 18 रनों की नाबाद और अहम पारी खेली और उन्होंने टीम के स्कोर को 142 तक पहुंचा दिया।


मीरकैट मैच हीरो चुनी गईं मांधना ने कहा, “मैच जीतना बेहद सुखद होता है। मैं भाग्यशाली रही कि मुझे एक जीवनदान मिला, हालांकि मैं अपना काम करने में सफल रही। यह हेडिंग्ली की पारंपरिक विकेट नही थी और बल्लेबाजी के लिए उतनी आसान नहीं थी। मैं उम्मीदों के अनुसार शुरुआत नहीं कर पाई थी लेकिन अंत सुखद रहा। फ्रैंचाइजी क्रिकेट में आप अच्छे और बुरे दोनों तरह के दिन देखते हैं, बहुत जल्दी उतार-चढ़ाव आते हैं। लेकिन जब आप इस तरह के मुकाबले जीतते हैं तो आप बेहद अच्छी स्थिति में पहुंच जाते हैं।”