नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के रोहिणी सेक्टर-16 में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत के ढ़हने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक मजदूर को बचा लिया गया।
बचाव अभियान बुधवार की शाम से अभी तक जारी है। मलबे से तीन शव बरामद किये गये और मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी दर्जी राम (42), इमारत के मालिक के पिता राम दुआ (62) और मजदूर काफे उर्फ नूरुल (24) के रूप में हुई है।
इमारत गिरने के बारे में पहली पीसीआर कॉल शाम 4:28 बजे मिली। कॉल करने वाले ने बताया कि एक नयी बनी इमारत अचानक गिर गयी, जिससे लोग मलबे के नीचे दब गये।
पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस), टीपीडीडीएल और अन्य एजेंसियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान मजदूर सद्दाम (32) को मलबे से जिंदा निकाला गया और इलाज के लिए डॉ. बाबासाहेब आम्बेडकर अस्पताल भेजा गया।
बचाव अभियान कई घंटों तक चला और अब वह पूरा होने वाला है, जबकि मलबा हटाने का काम अभी भी जारी है।
दिल्ली पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और इमारत गिरने का कारण पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।







