Home राष्ट्रीय राजस्थान के विकास की नई रफ्तार बनेंगी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और भारतमाला परियोजनाएं

राजस्थान के विकास की नई रफ्तार बनेंगी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और भारतमाला परियोजनाएं

14
0
Delhi-Mumbai Expressway and Bharatmala projects will accelerate Rajasthan's development.

कोटा: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा विकसित की जा रही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे एवं भारतमाला जैसी महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाएं राजस्थान के विकास को नयी गति प्रदान करेंगी। श्री शर्मा बुधवार देर शाम कोटा के गोपालपुरा मण्डाना में आमसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देश में सड़क अवसंरचना विकास का नया इतिहास रचा गया है। उन्होंने कहा कि कभी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर, दौसा, अलवर और झालावाड़ जैसे क्षेत्रों को जोड़ते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे जैसा विश्व स्तरीय कॉरिडोर विकसित होगा।


उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का महत्वपूर्ण हिस्सा मुकुंदरा टनल प्रोजेक्ट आधुनिक भारतीय इंजीनियरिंग का नायाब नमूना है। कठिन पठारी क्षेत्र में विश्व स्तरीय तकनीक के साथ निर्मित इस टनल में सुरक्षा और वायु संचालन (वेंटीलेशन) जैसी आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यह इस बात का प्रमाण है कि आज भारत इंजीनियरिंग में बहुत आगे पहुंच चुका है।

GNSU Admission Open 2026


श्री शर्मा ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से कोटा के जुड़ाव को सुगम बनाने के लिए कोटा (डीसीएम) रोड से उम्मेदगंज तक चार लेन स्पर एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार की जा रही है। राज्य सरकार ने भी पिछले लगभग ढाई वर्षों में कोटा जिले के विकास के लिए लगभग पांच हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए हैं। कोटा में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि कोटा शिक्षा, संस्कृति, उद्योग, कृषि और खनिज संपदा का महत्वपूर्ण केंद्र है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सतत प्रयासों तथा केंद्र सरकार के सहयोग से कोटा और हाड़ौती क्षेत्र के विकास को नयी दिशा मिली है।