NSE शेयर की शानदार लिस्टिंग, बाजार में भारी गिरावट
Spectacular NSE share listing; massive market slump.

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान भारी बिकवाली के बीच नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (NSE) के शेयर ने बीएसई पर मजबूत शुरुआत की। NSE का शेयर 1,785 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 1,800 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ और कारोबार के शुरुआती दौर में 1,878 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच गया।

खबर लिखे जाने तक NSE का शेयर निर्गम मूल्य से 75.70 रुपये यानी 4.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,860.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था। लिस्टिंग के बाद शेयर में करीब पांच प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।

GNSU Admission Open 2026

इसके विपरीत विदेशी बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार दबाव में रहे। बीएसई का सेंसेक्स 556 अंक टूटकर 74,272 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 770 अंक से अधिक गिरकर 74,054 अंक के स्तर तक पहुंच गया। बाद में इसमें कुछ सुधार आया और खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 638.39 अंक यानी 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,189.86 अंक पर था।

एनएसई का निफ्टी-50 भी 225 अंक की गिरावट के साथ 23,221.80 अंक पर खुला। बाद में निफ्टी 208.90 अंक यानी 0.89 प्रतिशत गिरकर 23,237.90 अंक पर कारोबार कर रहा था।

बाजार में बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, धातु, एफएमसीजी, तेल एवं गैस तथा ऑटो क्षेत्र के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा। वहीं रियल्टी, स्वास्थ्य, फार्मा और आईटी क्षेत्र के कुछ शेयरों में तेजी रही। व्यापक बाजार के प्रमुख सूचकांक भी गिरावट में कारोबार कर रहे थे।

सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर चार प्रतिशत से अधिक टूटा। एक्सिस बैंक में करीब चार प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में करीब तीन प्रतिशत की गिरावट रही। इंडिगो, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे।

इसके विपरीत टेक महिंद्रा, टाइटन, टीसीएस और एनटीपीसी के शेयरों में तेजी दर्ज की गई।