देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आए गुजरात के श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रेवल्स रविवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन के ब्रेक फेल होने के बाद यह सड़क पर ही पलट गया। हादसे में वाहन सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी के प्रभारी शार्दूल गुसांई के अनुसार, जिला नियंत्रण केंद्र को रविवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के निकट टेंपो ट्रेवल्स के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो ट्रेवल्स सड़क पर पलट गया।
बताया गया कि वाहन संख्या यूके 14 पीए 5006 में कुल 17 यात्री सवार थे। सभी यात्री गुजरात से चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आए थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायल यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
कुछ यात्रियों को चोट लगने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। अधिकारियों के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं और घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
चारधाम यात्रा के दौरान पहाड़ी मार्गों पर वाहनों की तकनीकी खराबी और सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है। इस हादसे के बाद वाहन की तकनीकी स्थिति और दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा सकती है। घटना ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने की जरूरत को रेखांकित किया है।







