Home राष्ट्रीय हरियाणा के युवक की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या

हरियाणा के युवक की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या

12
0
Haryana youth shot dead in front of his wife

फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र में अज्ञात असलाहधारियों ने हरियाणा के एक युवक की उसकी पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सोमवार को बताया कि हरियाणा के फरीदाबाद जनपद के चांदावली थाना क्षेत्र के दयालपुर निवासी अरुण सिंह (30) अपनी पत्नी राखी और दो वर्षीय पुत्र जयंत के साथ कार से 24 जुलाई को घूमने निकले थे। वाराणसी घूमने के बाद वह रविवार को फर्रुखाबाद होते हुए आगरा जा रहे थे।


रविवार रात करीब नौ बजे उनकी कार कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित गंगा पांचाल घाट पुलिस चौकी के समीप एक पेट्रोल पंप के पास रुकी। अरुण सिंह दुकान से कोल्ड ड्रिंक और बच्चे के लिए चॉकलेट खरीद रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक कार से उतरे सशस्त्र बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मसेनी चौराहे की ओर कार से फरार हो गए।

GNSU Admission Open 2026


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी तथा कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अरुण सिंह को रात करीब 9:30 बजे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


पुलिस उपाधीक्षक अभय वर्मा ने मृतक की पत्नी राखी से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं तथा मामले का शीघ्र खुलासा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।