हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेले को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में शनिवार को चमगादड़ टापू क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने सार्वजनिक मार्गों और कांवड़ यात्रा से जुड़े क्षेत्रों में किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा।
जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यात्रा मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए सार्वजनिक भूमि एवं मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने का आग्रह किया है।







