गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर गांव में लूट और हिंसा के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, हथियारबंद अपराधियों ने लाला छापर स्थित एक सोने-चांदी की दुकान को निशाना बनाया। अपराधी दुकान में घुसकर जेवरात लूटने लगे। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे अपराधियों का विरोध करने पर उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
इस गोलीबारी में सिसई गांव निवासी डब्लू मिश्र को गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। डब्लू मिश्र की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। भाग रहे अपराधियों को ग्रामीणों ने घेर लिया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने फायरिंग जारी रखी, लेकिन उग्र भीड़ के सामने उनकी एक नहीं चली। ग्रामीणों ने दो अपराधियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हुई इस पिटाई में दोनों अपराधियों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि गिरोह में और कितने सदस्य शामिल थे। बताया जा रहा है कि इस मामले में चार अपराधी पकड़े गए थे, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।







